घर बैठे एक कॉल पर 99 फीसदी मामलों का निराकरण विष्णुदेव साय सरकार के सुशासन का प्रमाण : भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल

The narad news 24,,,,,रायपुर,,,,,।भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. (श्रीमती) किरण बघेल ने रायपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘जन समस्या निवारण कॉल सेंटर’ की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की भाजपा सरकार के “सुशासन और अंत्योदय” के संकल्प का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया है। डॉ. (श्रीमती) बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आम नागरिक की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. (श्रीमती) बघेल ने कहा कि पहले जहाँ नागरिकों को बाबू की टेबल से लेकर अफसरों के केबिन तक चक्कर काटने पड़ते थे और अपनी फाइलों के लिए भटकना पड़ता था, वहीं आज मात्र एक फोन कॉल पर 42 विभागों से जुड़ी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित हो रहा है। डॉ. (श्रीमती) बघेल ने कहा कि यह प्रणाली कितनी तत्परता और पारदर्शिता से कार्य कर रही है, इसका प्रमाण सामने आए आँकड़े हैं। इस व्यवस्था के तहत दर्ज 16,305 शिकायतों में से 16,156 शिकायतों (लगभग 99 प्रतिशत) का सफलतापूर्वक समाधान किया जा चुका है। आपातकालीन मामलों में 48 घंटे और सामान्य मामलों में 3 दिन की तय समय-सीमा के भीतर जवाबदेही तय की गई है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. (श्रीमती) बघेल ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस सिस्टम ने तकनीकी दक्षता के साथ-साथ अत्यंत मानवीय दृष्टिकोण भी प्रस्तुत किया है। हाल ही में महीनों से भटक रहे एक मूक-बधिर बच्चे के परिवार की समस्या को कॉल सेंटर की विशेष टीम ने वीडियो कॉल के जरिए ‘सांकेतिक भाषा’ में समझा और महज दो दिनों के भीतर बच्चे का निवास प्रमाण पत्र बनाकर तैयार कराया। डॉ. (श्रीमती) बघेल ने आम जनता से अपील की कि प्रशासन द्वारा 24×7 जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों 9977222564, 9977222574, 9977222584, और 9977222594 का लाभ उठाएँ और अपनी किसी भी समस्या को सीधे प्रशासन तक पहुँचाएँ। भाजपा की सरकार जनता के द्वार तक त्वरित सेवा पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से संकल्पित है।
———————–



