छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने 15 अगस्त को ध्वजारोहण के निर्देश जारी किए
रायपुर, 11 अगस्त 2025 — छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने आगामी 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यभर के सभी मस्जिदों, मजारों और दरगाहों में ध्वजारोहण करने के निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, इस वर्ष देश अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर सभी धार्मिक स्थलों के मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। वक्फ बोर्ड ने इस पहल को राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का प्रतीक बताया है तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस के महत्व को समझते हुए देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्यक्रम माननीय अध्यक्ष की अनुमति से आयोजित होगा। निर्देश की प्रतिलिपि सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागों को भेजी गई है ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड, रायपुर ने कहा कि यह आयोजन न केवल देश के प्रति सम्मान व्यक्त करेगा बल्कि सामूहिक एकता और सद्भावना को भी मजबूत करेगा।

