मन की बात की 140वीं कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश : विधायक दीपेश साहू
वार्ड क्रमांक 15 के बूथ क्रमांक 27 में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के साथ विधायक दीपेश साहू ने सुना प्रधानमंत्री का प्रेरणादायी उद्बोधन

The narad news 24,,,,,,,बेमेतरा,,,,,, 29 नवंबर 2026। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी का आज नगर पालिका बेमेतरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 स्थित बूथ क्रमांक 27 में सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री जी के विचारों को सुना और उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देश और समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बताते हुए इस पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने नशे की लत को युवाओं के सपनों और उज्ज्वल भविष्य की राह में बड़ी बाधा बताते हुए ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के माध्यम से सामाजिक भागीदारी और जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों, रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का एक अनूठा माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री जी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरक कहानियों को देश के सामने लाते हैं और सामाजिक चुनौतियों के प्रति जन-जागरूकता पैदा करते हैं।
विधायक श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर व्यक्त की गई चिंता अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य की आधारशिला होते हैं। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आ जाएंगे तो उनके सपने, परिवार की उम्मीदें और राष्ट्र की प्रगति प्रभावित होगी। इसलिए नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, समाज, सामाजिक संगठनों और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने आसपास के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए तथा खेल, शिक्षा, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना चाहिए। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता के साथ-साथ सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी आवश्यक है। प्रधानमंत्री जी का यह संदेश हम सभी के लिए प्रेरणादायी है कि स्वस्थ, जागरूक और संस्कारवान युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकते हैं।
विधायक श्री साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री जी देश के सामान्य नागरिकों के असाधारण प्रयासों, नवाचारों, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को नई पहचान देते हैं। हम सभी को उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर रायपुर जिला प्रभारी श्री राजेंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष श्री युगल देवांगन, श्री अमित खिलवानी, श्री विष्णु सिंह, श्री पुनाराम साहू, श्री गंगा सिंह, श्री दुर्गा यदु , श्री शशि राजपूत, श्रीमती मीनू पटेल, श्रीमती रेखा साहू, श्री उत्तर गोस्वामी, श्रीमती हिना सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, महिला साथी, युवा साथी एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।



