पोर्टल बंद होने से गरीबों का राशन, इलाज दोनों नहीं मिल रहा – कांग्रेस

The narad news 24,,,,रायपुर/17 अक्टूबर 2026। राशन कार्ड का पोर्टल बंद होने से गरीबों का राशन और इलाज दोनों अटक गया है। लाखों आवेदन महीनों से लंबित पड़े हैं, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है। प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि पोर्टल बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों को हो रही है। राशन कार्ड में नाम दर्ज नहीं होने के कारण पात्र हितग्राहियों का राशन नहीं मिल रहा है, साथ ही उनका आयुष्मान भारत कार्ड भी नहीं बन पा रहा है। इससे गरीब परिवारों को शासकीय राशन और निःशुल्क इलाज दोनों से वंचित होना पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि सरकार ने नवीन राशन कार्ड बनवाने के लिए दस्तावेजों की लंबी सूची अनिवार्य कर दी है। जिसमें पटवारी प्रतिवेदन, प्राधिकृत अधिकारी से जारी आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र को अनिवार्य किया गया है। साथ ही मुखिया का फोटो, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, जन्म प्रमाण पत्र और पूरे परिवार का ग्रुप फोटो भी मांगा जा रहा है। सभी वर्गों से जाति प्रमाण पत्र मांगना अनुचित है। इन कागजों को बनवाने के लिए गरीबों को पटवारी, जनपदों, नगर पालिका और पंचायतों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है।
प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि गरीब वर्ग को परेशान करने के लिए सरकार रोज नए-नए नियम लागू कर रही है। राशन जैसी बुनियादी और मौलिक सुविधा के लिए इस तरह के अनावश्यक दस्तावेज थोपना सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल नया पोर्टल शुरू करें, जाति और निवास की अनिवार्यता खत्म करे और लंबित लाखों आवेदनों का शीघ्र निराकरण करे।



