अपनी कमी को पहचान कर तथा उसे दूर करके ही हम अपने लक्ष्य को पा सकते हैं-नेहा ब्याडवाल
We can achieve our goal only by identifying our shortcomings and removing them - Neha Byadwal

अपनी कमी को पहचान कर तथा उसे दूर करके ही हम अपने लक्ष्य को पा सकते हैं-नेहा ब्याडवाल
The Narad News 24,,,,, रायपुर में आज संस्था “युवा” में यूपीएससी एवं पीएससी परीक्षार्थियों के मार्गदर्शन के लिए एक सेमिनार का आयोजन किया गया। आज के कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता सुश्री नेहा ब्याडवाल थीं। जिन्होंने हाल ही में छत्तीसगढ़ राज्य से सिविल सर्विसेस परीक्षा, 2023 की उत्तीर्ण की थी।

कार्यक्रम के शुरूआत में युवा सदस्यों ने कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता सुश्री नेहा ब्याडवाल का स्वागत सूत का माला, शॉल, श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर किया।

इसके उपरांत संस्था के संस्थापक एम राजीव ने मुख्य अतिथि सुश्री नेहा ब्याडवाल और आज के सेमिनार में शामिल होने आए अन्य अतिथियों के सम्मान में स्वागत भाषण दिया एवं विगत 23 वर्षों से साधनहीन बच्चों के लिए संस्था युवा द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।
मुख्य अतिथि के आसंदी से बोलते हुए सुश्री नेहा ब्याडवाल ने अपनी यूपीएससी की तैयारियों एवं रणनीति के बारे में उपस्थित छात्रों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि उनकी यह सफलता सिर्फ उनके ही प्रयासों से मिली है, बल्कि उनके परिवार के सारे सदस्यों खासकर उनके पिताजी एवं चाचाजी के पिछले पांच वर्षों के तप का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा अपनी कमी को देखती और फिर उस कमी को दूर करने का प्रयास करती, इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बचपन में उन्हें अंग्रेजी भाषा को बोलने में कठिनाई होती थी, जिसे उन्होंने चुनौती के रूप में लेते हुए इंगलिश में धारा प्रवाह बोलने की महारत हासिल की। उसके बाद कॉलेज में वाद विवाद प्रतियोगिताएं, अन्य कार्यक्रमों में भाग लेकर और उनका संचालन करते हुए उन्होंने अपने कम्युनिकेशन स्किल को बढ़ाया, जिसका फायदा उन्हें यूपीएससी के इंटरव्यू के वक्त मिला।

अपने जोशीला उद्बोधन के बाद उन्होंने उपस्थित सभी छात्रों के प्रश्नों का रोचक तरीके से समाधान बताया। इसके अलावा उन्होंने अपनी बातों से उपस्थित छात्रों के भीतर आत्म विश्वास एवं मनोबल बढ़ाया। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित होने को उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह से सूरज की किरणों से आग पैदा करने के लिए एक बिंदु पर लाना पड़ता है, उसी तरह से छात्रों को भी अपनी सारी ऊर्जा अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित करना पड़ेगा।
आज के कार्यक्रम में युवा सदस्यों के अलावा रायपुर के बाहर के छात्र भी बड़ी संख्या में सुश्री नेहा ब्याडवाल को सुनने को उपस्थित हुए।
आज के कार्यक्रम में महावीर स्कूल, गुधियारी के संचालक श्री वीरेन्द्र महेश्वरी अपने स्कूल की कई सारी छात्राओं के लेकर उपस्थित हुए। इन स्कूली बच्चियों ने भी सुश्री नेहा ब्याडवाल से अपने शंकाओं का निवारण किया।

अंत में सुश्री नेहा ब्याडवाल ने युवा संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की तथा ये वादा किया की वे भविष्य में भी युवा संस्था से जुड़ी रहेंगी और युवा से जुड़े छात्रों का यथासंभव मार्गदर्शन करेंगी।


