किसानों का टोकन काटने, धान खरीदी अवधि व लिमिट बढ़ाने की मांग को लेकर विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय का किया जाएगा घेराव* – राज्यपाल के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

The Narad News 24,,,सरायपाली : किसानों के धान का टोकन नहीं काटने, धान खरीदी केंद्रों में लिमिट बढ़ाने, धान खरीदी के समय सीमा बढ़ाने और धान बेचने में किसानों को हो रही दिक्कतों को लेकर विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व में क्षेत्र के किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता कल एसडीएम ऑफिस का घेराव कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेगे।

विदित हो कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में धान खरीदी की अवधि एवं खरीदी सीमा (लिमिट) बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। शासन द्वारा अब तक ठोस निर्णय नहीं लिए जाने के विरोध में आंदोलन को और तेज किया जा रहा है।
क्षेत्रीय विधायक श्रीमती चातुरी नंद के नेतृत्व में किसान, ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय का घेराव कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से शासन से तत्काल निर्णय लेने की मांग की जाएगी।
विधायक चातुरी नंद ने कहा कि वर्तमान खरीदी व्यवस्था किसान विरोधी है। खेतों और खलिहानों में धान मौजूद है, लेकिन सीमित तारीख और लिमिट के कारण किसान मजबूर हो रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही धान खरीदी की अवधि और लिमिट नहीं बढ़ाई गई, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि धान खरीदी में क्विंटल की नहीं, किसान की मेहनत की गणना होनी चाहिए। समर्थन मूल्य पर पूरी उपज की खरीदी ही किसानों के साथ न्याय है।
ज्ञापन के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री से यह मांग की जाएगी कि धान खरीदी की अवधि तत्काल बढ़ाई जाए,
प्रति किसान खरीदी लिमिट में यथोचित वृद्धि की जाए,
ताकि कोई भी किसान अपने हक़ से वंचित न रहे।



