विधायक चातुरी नंद के लगातार प्रयासों से भीखापाली–कोकड़ी पुलिया और राजाडीह–भालूकोना सड़क निर्माण को मिली करोड़ों की स्वीकृति
भीखापाली–कोकड़ी पुल-पुलिया निर्माण के लिए ₹4.83 करोड़ और राजाडीह–भालूकोना सड़क के लिए ₹4.99 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति

THE NARAD NEWS 24,,,,,,सरायपाली,,,,,,। सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण से जुड़ी वर्षों पुरानी मांगों को लेकर सकारात्मक पहल हुई है। विधायक चातुरी नंद के प्रयासों के बाद लोक निर्माण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भीखापाली–कोकड़ी मार्ग पर पुल-पुलिया निर्माण तथा राजाडीह–भालूकोना सड़क निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इन स्वीकृतियों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है।

शासकीय आदेश के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल जिला महासमुंद के सरायपाली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भीखापाली–कोकड़ी मार्ग के भीखापाली नाला पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए ₹4 करोड़ 83 लाख 76 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
वहीं, राजाडीह से भालूकोना तक 3.80 किलोमीटर लंबी सड़क का पुल-पुलिया सहित निर्माण करने के लिए ₹4 करोड़ 99 लाख 49 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
*सड़क से विधानसभा तक उठाई मांग*
विधायक चातुरी नंद ने कहा कि भीखापाली–कोकड़ी क्षेत्र में पुलिया निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। क्षेत्रवासियों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए उन्होंने लगातार शासन-प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया। सड़क से लेकर विधानसभा तक इस महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाकर पुलिया निर्माण की आवश्यकता को सामने रखा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल-पुलिया जैसी आधारभूत सुविधाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आर्थिक गतिविधियों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इन कार्यों की स्वीकृति से संबंधित क्षेत्रों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
*आजादी के बाद पुलिया निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*
भीखापाली–कोकड़ी क्षेत्र में लंबे समय से पुलिया निर्माण की मांग उठती रही है। अब उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ी हैं। पुल एवं पहुंच मार्ग बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने तथा बरसात के दौरान आवाजाही से जुड़ी कठिनाइयों में कमी आने की उम्मीद है।
विधायक चातुरी नंद ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभागों और शासन के समक्ष लगातार रखना जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न होगा और क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिलेगा।
*राजाडीह–भालूकोना सड़क से भी ग्रामीणों को मिलेगी राहत*
राजाडीह से भालूकोना तक 3.80 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पुल-पुलिया सहित इस मार्ग का निर्माण होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से कृषि उपज के परिवहन तथा गांवों के बीच संपर्क को भी मजबूती मिल सकती है।
विधायक चातुरी नंद ने कहा कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क और पुल-पुलिया निर्माण से जुड़े ये कार्य ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
*विधायक ने जताया शासन प्रशासन का आभार*
विधायक चातुरी नंद ने दोनों निर्माण कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने पर छत्तीसगढ़ शासन एवं लोक निर्माण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया कि आवश्यक तकनीकी स्वीकृति, निविदा एवं अन्य औपचारिकताएं नियमानुसार पूरी कर निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन के समक्ष उठाने और क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
*विधायक के प्रति क्षेत्रवासियों ने जताया आभार*
पुलिया निर्माण की स्वीकृति मिलने की खबर से कोकड़ी और भीखा पाली सहित क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है. इस ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए ग्राम कोकड़ी के सरपंच यमुना पटेल, राजा डीह सरपंच चितरंजन सवाई, जय कृष्ण, दीपक प्रधान, श्यामलाल रात्रे, कांशी पटेल, वृंदा वती पटेल, माधुरी मानिकपुरी, मोहनमती पटेल, शांतनु पटेल, उत्तम पटेल सहित क्षेत्र वासियों ने विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया है.



