गुढ़ियारी में गोविंदाओं का जोश, भक्ति और संगीत का संगम: विशाल दही हांडी उत्सव मुख्यमंत्री की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय हुए शामिल

The Narad News 24,,,,रायपुर। छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में कृष्ण जन्माष्टमी बीके पावन अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक विशाल दही हांडी उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन का एक विशेष आकर्षण वह क्षण रहा जब दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर महंत राजीव दास लोचन ने आयोजन के संयोजक श्री बसंत अग्रवाल को ‘धर्म वीर’ की उपाधि से सम्मानित किया, जिस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम के संयोजक बसंत अग्रवाल को बधाई दी। मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में, सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के इस आयोजन में हजारों दर्शकों के उत्साह और गोविंदा टोलियों के जोश ने पूरे माहौल को कृष्णमय बना दिया।

मुख्यमंत्री सहित गणमान्य नागरिकों ने बढ़ाया मान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व अरुण साव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत कई मंत्रीगण और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा, इस प्रकार के सांस्कृतिक उत्सव छत्तीसगढ़ की पहचान को और मजबूत करते हैं। आयोजक बसंत अग्रवाल और उनकी पूरी टीम ने एक अविस्मरणीय आयोजन किया है, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
सितारों की प्रस्तुति से झूम उठा रायपुर
हर वर्ष की तरह इस साल भी मनोरंजन का विशेष इंतजाम किया गया था। इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन ने जब अपनी सुरीली आवाज में प्रस्तुति दी, तो पूरा मैदान झूम उठा। वहीं, विश्व विख्यात भजन गायिका गीता बेन रबारी के भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिपूर्ण बना दिया, जिस पर दर्शक भाव-विभोर हो गए। छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय गायिका पूनम-दिव्या तिवारी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता। इसके साथ ही, ओडिशा के कलाकारों का पारंपरिक ‘घंटा बाजा’ और ग्रीस युक्त खंभे पर चढ़ने की प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही।

कड़े मुकाबले में गोविंदा टोलियों ने दिखाया दम
शाम से शुरू हुई दही-हांडी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, मध्यप्रदेश और झारखंड से आई दर्जनों गोविंदा टोलियों ने हिस्सा लिया। ‘गोविंदा आला रे’ के जयकारों के बीच मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने का रोमांच देखते ही बन रहा था। कई घंटों तक चले कड़े मुकाबले के में सोंझरा समिति ने दही की मटकी फोड़कर पहला एवं दूसरा और तीसरा इनाम सामुहिक समिति ने अपने नाम किया। इसके अलावा, समिति द्वारा अन्य टोलियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।
सफल आयोजन पर संयोजक ने जताया आभार
आयोजन की अभूतपूर्व सफलता पर संयोजक श्री बसंत अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “एक छोटे से मोहल्ले से शुरू हुआ यह सफर आज आप सभी के सहयोग और भगवान श्री कृष्ण के आशीर्वाद से एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। मुख्यमंत्री जी और सभी अतिथियों की उपस्थिति ने हमारा मान बढ़ाया है।” समिति द्वारा की गई सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के कारण हजारों की भीड़ के बावजूद पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। देर रात तक चले इस उत्सव ने धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता का एक अद्भुत संदेश दिया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय हुए शामिल
*मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जन्माष्टमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएँ, निभाई दही-हांडी की परंपरा*
रायपुर 17 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में आयोजित जन्माष्टमी उत्सव एवं दही-हांडी प्रतियोगिता में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतीकात्मक रूप से दही-हांडी तोड़कर उत्सव की परंपरा निभाई तथा राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों को मिठाई खिलाकर स्नेह प्रदान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हम छत्तीसगढ़ जैसे पावन प्रदेश के निवासी हैं, जो भगवान श्रीराम का ननिहाल और माता कौशल्या का मायका है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से सनातन संस्कृति को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाने हेतु निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार भोरमदेव मंदिर सहित प्रदेश के सभी प्रमुख शक्तिपीठों और तीर्थ स्थलों के समग्र विकास हेतु कार्य कर रही है। साथ ही, श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को विभिन्न पावन स्थलों के दर्शन की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस भव्य आयोजन के सफल संचालन हेतु आयोजक श्री बसंत अग्रवाल एवं उनकी टीम को हार्दिक बधाई दी।कार्यक्रम में विधायक श्री किरण देव एवं श्री पवन साय ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जन्माष्टमी के पावन पर्व की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंक राम वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, श्री राजीव लोचन महाराज, अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे।


