लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका अहम – विधायक दीपेश साहू
युवा संवाद कार्यक्रम में विपक्ष पर साधा निशाना, कहा – लोकतंत्र की दुहाई देने वाले पहले अपने आचरण में लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाएं

The narad news 24,,,,,,बेमेतरा नगर के शासकीय पं. जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज *“लोकतंत्र के लिए युवा – युवा संवाद

कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा एवं पार्षद श्रीमती नीतू कोठारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर अतिथियों ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और उनकी जिम्मेदारियों पर अपने विचार साझा किए।
विधायक श्री दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी वास्तविक ताकत देश के जागरूक नागरिक एवं युवा हैं।
लोकतंत्र केवल चुनाव और सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विचारों की स्वतंत्रता, संवैधानिक मर्यादा, जिम्मेदारी और जनभागीदारी की व्यवस्था है। आज के युवाओं को देश के इतिहास, संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए विधायक श्री साहू ने कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वाले विपक्ष को भी लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए। केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है। लोकतंत्र में असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन असहमति के नाम पर भ्रम फैलाना और जनता को गुमराह करना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के विश्वास और संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करें।
युवा संवाद के दौरान विधायक श्री साहू ने छात्र-छात्राओं की समस्याएं एवं सुझाव भी गंभीरता से सुने।
विद्यार्थियों ने महाविद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को उनके समक्ष रखा, जिस पर विधायक ने उनसे विस्तारपूर्वक चर्चा की। विधायक श्री साहू ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं और विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अवसर प्रदान करना सरकार की प्रतिबद्धता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप सभी के सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के समक्ष भी रखा जाएगा, ताकि उनका उचित निराकरण किया जा सके। शिक्षा के क्षेत्र में विकास और महाविद्यालय की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, सकारात्मक सोच रखें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं का जागरूक होना और सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सकारात्मक भागीदारी निभाना आवश्यक है। युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।
जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा ने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना के विकास का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे युवा संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने विचार रखने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
पार्षद श्रीमती नीतू कोठारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की युवा पीढ़ी में अपार क्षमता और प्रतिभा है। युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। जागरूक और जिम्मेदार युवा ही एक सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. साहू, श्रीमती श्वेता साहू, बेरला महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री बृजेश शर्मा, भीमभौरी महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री सौरभ साहू, मंडल अध्यक्ष श्री युगल देवांगन, श्री रोहित साहू, श्री रवि वर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. डोषण साहू ने किया। कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। युवा संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक जिम्मेदारियों एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।



