राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मियों ने विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर रखीं अपनी मांगें
सरकार बनने पर 100 दिन में समाधान का मिला था आश्वासन, अब तक लंबित हैं डॉ रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष ने निराकरण का दिया भरोसा,

The Narad News 24,,,,राजनांदगांव,
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के राजनांदगांव प्रवास के दौरान उनसे मुलाकात कर अपनी वर्षों से लंबित मांगों को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेड पे में निर्धारण, नियमितीकरण, मेडिकल अवकाश और स्थानांतरण तथा 27 प्रतिशत लंबित वेतन वृद्धि जैसी प्रमुख मांगों के समाधान की मांग की।
NHM कर्मियों ने बताया कि वे पिछले दो दशकों से सीमित वेतन और सुविधाओं के बावजूद समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। वे राज्य के जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मेहनत के बलबूते छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य क्षेत्र में कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं, फिर भी उनकी बुनियादी समस्याएं अब तक अनसुनी बनी हुई हैं। आंदोलन के दौरान सरकार ने 100 दिनों के भीतर समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि वे इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर आवश्यक पहल करें, ताकि NHM कर्मियों को उनका उचित अधिकार मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में NHM जिलाध्यक्ष डॉ. किरण गायकवाड़, रोशन नंदेश्वर, डॉ. हंसराज साहू, डॉ. अमित जायसवाल, भूषण साहू, अमित कुमार पारधी, प्रकाश साहू, संजीव सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

