अबूझमाड़ से मुंबई-नागपुर की राह होगी आसान, 112 किमी नए राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण तेज
दा नारद न्यूज 24 | रायपुर/नारायणपुर


अबूझमाड़ क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा कोंडागांव–नारायणपुर–गढ़चिरौली मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130D) के रूप में विकसित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में लगभग 112 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग के निर्माण से अबूझमाड़ का सीधा सड़क संपर्क महाराष्ट्र से मजबूत होगा और नागपुर व मुंबई की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगी।
करीब 973 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। यह सड़क नक्सल प्रभावित इलाकों में बेहतर आवागमन और विकास को भी गति देगी।
परियोजना का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। सड़क कोंडागांव से नारायणपुर, कुतुल होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक पहुंचेगी, जहां से आगे गढ़चिरौली और नागपुर मार्ग से संपर्क स्थापित होगा।
दा नारद न्यूज 24 के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद बस्तर और अबूझमाड़ क्षेत्र की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार होगा, जिससे स्थानीय लोगों के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।



