आबकारी विभाग रायपुर की बड़ी कार्रवाई : अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, 12.42 बल्क लीटर देशी शराब जब्त
तिल्दा-नेवरा। आबकारी विभाग रायपुर ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। विभाग ने कुल 12.42 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त की है। वहीं, शराब दुकानों में ओवररेटिंग की शिकायतों पर भी सख्त कदम उठाते हुए तीन कर्मचारियों को तत्काल सेवा से पृथक कर दिया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिव आबकारी सुश्री रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा, कलेक्टर रायपुर श्री गौरव सिंह के निर्देश तथा प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर श्री राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में 22 जून 2026 को विशेष अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान ग्राम तुलसी (मानपुर) थाना तिल्दा निवासी प्रकाश सिरमौर के घर में दबिश दी गई। यहां से 38 पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 6.84 बल्क लीटर पाई गई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके अलावा ग्राम कोहका निवासी विजय बंजारे एवं युवराज बंजारे के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों के कब्जे से कुल 5.58 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई।
इधर, शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने (ओवररेटिंग) की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। जांच में दोषी पाए जाने पर तीन मदिरा दुकान कर्मचारियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 39(ग) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया।
उक्त प्रकरण आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा, वृत्त तिल्दा द्वारा पंजीबद्ध किया गया। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक अलेक्स एक्का, कमल कुंजाम, आबकारी आरक्षक अमिताभ सिंह ध्रुव, जितेन्द्र मिश्रा, ऋत्विक खोबरागड़े, टीकम एवं वाहन चालक रेवाराम का विशेष योगदान रहा।
— दा नारद न्यूज 24



