केंद्रीय गृह मंत्री के बस्तर दौरे को लेकर ट्रैफिक रूट प्लान जारी, 9 फरवरी को कई मार्ग रहेंगे बंद

जगदलपुर
08 फरवरी 2026
केंद्रीय गृह मंत्री के बस्तर प्रवास और बस्तर पण्डुम के समापन समारोह को लेकर सोमवार 09 फरवरी को जगदलपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस द्वारा जारी विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
सुरक्षा कारणों से कुम्हारपारा चौक से शहीद पार्क चौक, कोतवाली चौक, अभियंता तिराहा होते हुए गणतंत्र द्वार (लालबाग मैदान) तक के पूरे मार्ग को वीआईपी रूट घोषित किया गया है। इस दौरान आम नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने जाम और असुविधा से बचने के लिए नागरिकों से बोधघाट–हाट कचौरा डाइवर्टेड रूट का उपयोग करने की अपील की है।
पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था तय
समारोह में शामिल होने वाले नागरिकों और आगंतुकों के लिए शहर में तीन स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। वाहन चालक अपने वाहन—
गणपति रिसोर्ट के सामने वाले मैदान
आमागुड़ा जिओ पेट्रोल पंप के पास
कुम्हड़ाकोट मैदान
में पार्क कर सकेंगे।
कार्यक्रम स्थल लालबाग मैदान में प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं।
वीवीआईपी, वीआईपी और मीडिया पासधारियों को चित्रांश मंदिर–सनसिटी मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि सांस्कृतिक दलों और स्कूली छात्राओं के लिए गणतंत्र द्वार के पास वाला गेट निर्धारित किया गया है।
ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के लिए निर्देश
कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुबह 9 बजे तक अपने दोपहिया या चारपहिया वाहन लालबाग पीटीएस में पार्क करने की अनुमति होगी। इसके बाद आने वाले कर्मचारियों को अपने वाहन अमर वाटिका में पार्क करने होंगे।
प्रशासन ने बस्तर पण्डुम समापन समारोह को देखते हुए सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्लान का पालन करें और सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।


