कोई भी परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे” – विधायक दीपेश साहू
पीएम आवास योजना 2.0 के तहत ‘मोर दुआर – साय सरकार’ महाभियान का शुभारंभ, विधायक दीपेश साहू हितग्राहियों के घर पहुंचकर किया सर्वेक्षण

The Narad News 24,,,,,बेमेतरा, 17 अप्रैल 2025 – प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र में ‘मोर दुआर – साय सरकार’ महाभियान की शुरुआत हो चुकी है। इस महाभियान के तहत 15 से 30 अप्रैल तक क्षेत्र में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र ग्रामीण परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे।

गुरुवार को बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने ग्राम पंचायत निनवा व देवरबीजा का दौरा कर स्वयं हितग्राहियों के घर पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य में भाग लिया। उन्होंने ग्राम निनवा में श्रीमती सुखबती साहू तथा ग्राम पंचायत देवरबीजा में श्रीमती सरिता यादव एवं श्रीमती समँझ बाई साहू के घर जाकर ‘आवास प्लस 2025 (2.0)’ मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से सर्वे किया और हितग्राहियों से उनकी आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा:

“प्रधानमंत्री आवास योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र परिवार को पक्का, सुरक्षित और गरिमापूर्ण आवास प्राप्त हो। यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण का सपना साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। हमारी सरकार इस अभियान को समयबद्ध और पारदर्शी रूप से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मेरा स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी पात्र हितग्राही इस योजना से वंचित न रहे। सरकार की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि हर परिवार को पक्का मकान मिले।”
विधायक साहू ने हितग्राहियों से संवाद कर उनकी वर्षों पुरानी आशाओं और समस्याओं को समझा। हितग्राहियों ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि वर्षों से पक्के मकान का जो सपना अधूरा था, वह अब इस योजना से पूरा होता दिख रहा है।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


